पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के निर्देशानुसार पठानकोट एफीलिएटेड स्कूल एसोसिएशन की ओर से ‘नकल विरोधी’ रैली निकाली गई।
मिशन रोड स्थित एवलॉन स्कूल से निकाली गई रैली को शिक्षा विभाग की डिप्टी डायरेक्टर श्रुति शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधायक अश्वनी शर्मा एवं जिला पुलिस प्रमुख राकेश कौशल विशेष रूप से मौजूद थे।
मंगलवार को आयोजित रैली में जिले के 10 सरकारी एवं निजी स्कूलों के लगभग 600 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा लमीनी सरकारी स्कूल के एनसीसी कैडेटों ने भी इसमें हिस्सा लिया।
शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी इस रैली में शामिल विद्यार्थियों ने ‘नकल से बचो’ और ‘नकल भगाओ देश बचाओ’ का नारा बुलंद किया।
डिप्टी डायरेक्टर श्रुति शुक्ला ने बताया कि राज्य भर में शिक्षा विभाग की ओर से ‘नकल विरोधी’ रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग की पठानकोट में यह 21वीं रैली है।
इससे पहले राज्य के 20 जिलों में इस तरह की रैलियों का आयोजन किया जा चुका है। विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई
‘नकल विरोधी’ रैलियों का आयोजन करने से शिक्षा का स्तर बढ़ेगा।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) पवन कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राइमरी) कपूर सिंह, पीआरओ हरविंदर सिंह, एपीआरओ रजनीश कुमार, प्रिंसिपल प्रदीप मल्होत्रा, राममूर्ति शर्मा मौजूद थे।
पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन
‘नकल विरोधी’ रैली के बाद एवलॉन स्कूल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश सरकार की ओर चलाए गये नकल विरोधी अभियान में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले विद्यार्थियों को डिप्टी डायरेक्टर श्रुति शुक्ला ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
एफीलिएटेड स्कूल एसोसिएशन के प्रधान राजन ओबरॉय के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में डिप्टी डायरेक्टर श्रुति शुक्ला एवं विधायक अश्वनी शर्मा ने भी विचार प्रकट किए।