ढाकी रोड स्थित म्यूनिसिपल कालोनी में बीस दिनों से सीवरेज ब्लॉक होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। परेशान लोगों ने शनिवार को नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सीवरेज ब्लॉक होने से सारा गंदा पानी गलियों में ही जमा हो रहा है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
यही नहीं बदबू के कारण लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है। मोहल्लावासियों ने बताया कि प्रशासन को बार-बार समस्या से अवगत कराया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मजबूरन उन्हें प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कालोनी में सीवरेज के दो मेनहोल हैं जो कुछ दिनों से जमीन में धंस गए हैं। इसके कारण दौलतपुर से लेकर म्यूनिसिपल कालोनी तक जितनी भी सीवरेज लाइन हैं, पूरी की पूरी बंद पड़ी हैं।
गलियां और खाली प्लॉट बने तालाब
सीवरेज के बंद होने से गलियों और खाली प्लाटों में पानी भर गया है। अब पानी लोगों के घरों तक भी पहुंच रहा है।
लोगों ने बताया कि पांच दिन पहले निगम कर्मचारियों ने कालोनी में स्थित एक मेन होल को ठीक करने के लिए गहरा गड्ढा खोदा था लेकिन उसके बाद कोई सुध लेने नहीं आया। अब गलियों में जमा पानी इस गड्ढे में जा रहा है।
गड्ढे के कारण कई हादसे हो चुके हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद शनिवार को निगम कर्मचारियों ने मोटर के सहारे गड्ढे से पानी निकालकर साथ में खाली पड़े एक प्लॉट में फेंक दिया।
प्लॉट के पानी से भरने के बाद अब पानी घरों में जा रहा है लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
घेराव और भूख हड़ताल की चेतावनी
मोहल्लावासियों ने कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र उनकी समस्या का स्थायी समाधान न किया तो कालोनीवासी एकत्रित होकर सोमवार को निगम कार्यालय का घेराव और चक्काजाम करेंगे। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।
कई बार कर चुके हैं शिकायत
विजय कुमार चुनी, ओम प्रकाश, रोशन लाल, राज कुमार, विजय शर्मा, सुरिंद्र, पवन, अशोक मेहरा, जगदीश ने बताया कि कई बार विधायक अश्विनी शर्मा, नगर निगम कमिश्नर बलजीत सिंह, एमई सतीश सैनी, मंडल प्रधान अनिल रामपाल को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सीवरेज ब्लॉक होने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि म्यूनिसिपल कालोनी में मेनहोल बंद पड़े हैं तो शीघ्र ही एक्सईएन की ड्यूटी लगाकर कर्मचारियों को भेजकर प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान किया जाएगा। बलजीत सिंह, कमिश्नर, नगर निगम