पांच माह से अपनी फसलों के बकाया की अदायगी, मंडियों में किसानों की फसलों की हो रही लूट और कंवलप्रीत सिंह काकी की रिहाई के लिए मंगलवार को पगड़ी संभाल जट्टा लहर और दोआबा किसान संघर्ष कमेटी की ओर से डाकखाना चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। पीपीपी के नेता हरदियाल सिंह गजनीपुर ने भी प्रदर्शन को समर्थन देने का एलान किया।
मजीत सिंह राय, जंगजीत सिंह, सतनाम सिंह साहनी, बलवंत सिंह, भुपिंदर सिंह, सुखदेव सिंह, ठाकुर बलराज सिंह, जगतार सिंह, सतनाम सिंह, गुरनाम सिंह, बलविंदर सिंह, अनोख सिंह, बाबा रछपाल सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने नेता कनवीनर कंवलप्रीत सिंह काकी और अन्य साथियों की बिना शर्त रिहाई की मांग की थी।
प्रशासन ने पांच किसान साथियों को तो रिहा कर दिया लेकिन कंवलप्रीत सिंह काकी को रिहा नहीं किया गया। मंगलवार को धरना देने से पहले किसानों ने गुरदासपुर के तिब्बड़ी चौक, हनुमान चौक, जहाज चौक, डाकखाना चौक, जेल रोड होते हुए रोष मार्च भी निकाला।