पांच माह से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे पगड़ी संभाल जट्टा लहर व दोआबा किसान संघर्ष कमेटी के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सैकड़ों किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन किया।
मौके पर पांच महिला किसानों प्रीतम कौर, महिंदर कौर, गुरमीत कौर, कश्मीर सिंह, बलबीर कौर व हरभजन कौर समेत 35 अन्य किसानों ने गिरफ्तारियां देकर जेल भरो आंदोलन की शुरुआत की।
शनिवार को किसानों ने डीसी कार्यालय की ओर से रोष मार्च किया। प्रदर्शनकारी विभिन्न चौकों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे और धरना लगाया।
करमजीत सिंह नन्नू, बलदेव सिंह सेखवां रसूलपुर, इकबाल सिंह लाड़ी, गुरदीप सिंह मुस्तफाबाद, ठाकुर बलराज सिंह उत्तम सिंह, हरप्रीत सिंह लाल, जंगबीर सिंह और दुआबा संघर्ष समेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार उनकी मांगें मानने की बजाय किसानों पर लाठीचार्ज कर बेकसूरों को जेलों में बंद कर रही है।
किसान नेताओं को बिना किसी जुर्म के 30 नवंबर की रात को पुलिस ने रेड कर हिरासत में लेने के बाद झूठे केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
किसान नेताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर सरकार ने गौर नहीं किया और बेकसूर साथियों को जेल से बिना शर्त रिहा न किया तो रोजाना दर्जनों किसान गिरफ्तारियां देने के अतिरिक्त पंजाब सरकार के विरुद्ध करो या मरो वाला संघर्ष करने के लिए प्रयत्नशील रहेंगे।
मौके पर सुखप्रीत सिंह जरनैल सिंह, बिक्रमजीत सिंह, परमजीत सिंह, मिंटा जलालपुर, गुरमिंदर साबी, बलबीर सिंह, हरपाल सिंह, मोहन सिंह, गुरविंदर सिंह, अमरीक सिंह, सतनाम सिंह मौजूद थे।