भारतीय चेतना मंच की ओर से पठानकोट में हुई गोहत्याओं के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर रोष जताया गया।
शुक्रवार को मंच के अध्यक्ष एडवोकेट कुलभूषण मन्हास की अध्यक्षता में रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया।
रोष रैली पठानकोट बस स्टैंड से शुरू होकर वाल्मीकि चौक होते हुए लेबर शेड में आकर संपन्न हुई। रैली में पठानकोट की विभिन्न संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
एडवोकेट कुलभूषण मन्हास ने बताया कि दो माह बीत जाने के बावजूद गोहत्या के आरोपियों को पकड़ने में पुलिस प्रशासन नाकाम रहा है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है और दूसरी ओर विधायक अश्विनी शर्मा भी चुप्पी साधे हुए हैं।
आरोपियों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में दिन-प्रतिदिन रोष बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र गो हत्याओं के दोषियों को गिरफ्तार कर सजा नहीं दी गई तो भारतीय चेतना मंच अन्य हिंदू संगठनों के सहयोग से प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करेगा।
इसकी जिम्मेदारी खुद प्रशासन की होगी। इस मौके पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के अध्यक्ष लखविंद्र सिंह, सोशल वेलफेयर एसोसिएशन सुजानपुर के अध्यक्ष राजेश कुमार, वाइस चेयरमैन अशोक पराशर, उपप्रधान एडवोकेट राजदीप सिंह, गौस्वामी, नितिन महाजन, गगन महाजन मौजूद थे।