शाहपुरकंडी पुलिस ने दहेज में कार लाने के लिए विवाहिता का उत्पीड़न करने के आरोप में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी गुजरात के वडोदरा निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल तीनों फरार हैं।
उत्तम गार्डन कालोनी मनवाल निवासी पूजा पुत्री तरसेम लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी गुजरात के वडोदरा निवासी रवि धीमान के साथ 21 अक्तूबर 2012 को हुई थी।
उसने बताया कि शादी में माता पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था लेकिन ससुराली कम दहेज लाने के लिए उसे प्रताड़ित करते थे।
उसने आरोप लगाया कि ससुराली दहेज में कार की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे और पूर्व में दिए दहेज का सामान भी खुर्द-बुर्द कर दिया।
एसएसपी राकेश कौशल ने मामले की जांच वूमेन सेल पठानकोट को सौंपी थी। वूमेन सेल की इंचार्ज अंजू बाला की जांच के आधार पर थाना शाहपुरकंडी में पूजा के पति रवि धीमान, ससुर बूटा राम और सास कृष्णा देवी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज का सामान खुर्द बुर्द करने के का मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं सिटी पुलिस ने दहेज में मोटर साइकिल न लाने पर पत्नी का उत्पीड़न कर रहे पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमृतसर निवासी बताया जा रहा है।
वह अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। बजी कंपनी निवासी गीता पुत्री इंद्रपाल ने बताया कि उसकी शादी अमृतसर निवासी विक्की मल्होत्रा से दो जुलाई 2012 को हुई थी।
शादी के नौ माह बाद पति मायके से एक लाख रुपये लाने की मांग करने लगा। माता-पिता ने ये मांग पूरी कर दी। दोबारा उसने मोटर साइकिल मांगना शुरू कर दिया।
डीएसपी (हेडक्वार्टर) रणजीत सिंह की ओर से की गई जांच के आधार पर थाना डिवीजन नं.2 में विक्की के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।