कश्मीरी मोहल्ला सुजानपुर में युवक को घर के बाहर चक्कर लगाने से रोकने पर 15 युवकों ने बेसबॉल, हॉकी और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। उसकी पहचान लक्की कुमार पुत्र चमन लाल निवासी कश्मीरी मोहल्ला सुजानपुर के रूप में हुई है।
लक्की कुमार ने बताया कि दो माह से कुछ युवक उनके घर के बाहर चक्कर लगा रहे हैं। जब उन्होंने उक्त युवकों से घर के बाहर चक्कर लगाने का कारण पूछा तो वह बिना कुछ बताए वहां से चले जाते।
बुधवार को जब दोबारा उक्त युवकों ने नशे की हालत में उनके घर के बाहर चक्कर लगाने शुरू कर दिए तो उन्होंने दोबारा उन्हें रोककर इसका कारण पूछा तो वह फिर बिना कुछ कहे वहां से चले गए।
आधे घंटे के बाद उन्हें फोन करके घर से बाहर बुलाया गया। जब वह अपने भाइयों के साथ वहां गए तो वहां पर मौजूद करीब 15 युवकों ने उन पर बेसबॉल, हॉकी व डंडों से हमला कर दिया। थाना सुजानपुर की पुलिस को शिकायत दे दी गई है।