समय पर वेतन मिलने और निकाले गए कर्मचारियों की बहाली को लेकर पांच दिन से हड़ताल पर बैठे पनबस कर्मियों ने शनिवार को हड़ताल समाप्त कर दी। हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी कर्मियों के काम पर लौट आने के बाद बंद चल रहे सभी रूट बहाल हुए। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली। पंजाब रोडवेज पनबस वर्कर यूनियन शाखा पठानकोट के अध्यक्ष दविंदर तरनाच ने कहा कि शुक्रवार को कर्मचारियों का शिष्टमंडल डिपो के जीएम से मिला और उन्हें मांगपत्र सौंपा। यूनियन सदस्यों ने पिछले महीने फारिग किए गए आठ कर्मचारियों को दोबारा ड्यूटी पर रखे जाने की बात कही थी जिसे जीएम ने मानते हुए कर्मचारियों को दोबारा ड्यूटी पर रख लिया। बढ़े हुए वेतन के मुताबिक वेतन न मिलने संबंधी जीएम ने कहा कि यह हाई अथॉरिटी का मामला है। इस पर वह कुछ नहीं कर सकते। देर रात पनबस स्टेट बॉडी और सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट के बीच वार्ता हुई जिसमें सेक्रेटरी ने आश्वासन दिया कि बढ़े हुए वेतन मामले को सुलझाने में दो से तीन महीने का समय लगेगा, लेकिन समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। सेक्रेटरी स्टेट ट्रांसपोर्ट से आश्वासन मिलने के बाद स्टेट बॉडी ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया।