पाकिस्तानी जासूस साजिद हुसैन को कोर्ट ने मंगलवार को एक मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मंगलवार को रिमांड की अवधि खत्म होने पर थाना मामून पुलिस ने उसे जुडीशियल कोर्ट मलिकपुर में पेश किया था।
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिला निवासी पाकिस्तानी जासूस इरशाद अहमद को बीते दिनों आईबी ने मामून छावनी से गिरफ्तार किया था। मामून छावनी में एक निजी कंपनी के प्रोजेक्ट में मजदूरी का काम कर रहे इंटर तक शिक्षित इरशाद से एक मोबाइल फोन और नक्शा बरामद किया गया था।
उसके मोबाइल पर पाकिस्तान में कई बार बात की गई थी। इस बातचीत को ट्रेस करने के बाद आईबी ने उसे गिरफ्तार किया था। वह पुंछ में रहने वाले अपने रिश्तेदार साजिद हुसैन को मामून छावनी की फोटो खींच भेजता था। इरशाद से मिली सूचनाएं साजिद पाकिस्तान तक पहुंचाता था।
इसके बाद साजिद को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने पहले 17 फरवरी को उसे 23 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड पर पूछताछ के दौरान साजिद ने बताया था कि वह पठानकोट के थार आदि इलाकों की मस्जिदों से चंदा लेने के लिए अक्सर आता था। इस पर पुलिस उसे लेकर मस्जिदों में गई थी।
वहां उसके आने की पुष्टि की गई थी। थाना मामून के एएसआई प्रीतम ने बताया कि रिमांड की अवधि खत्म होने पर मंगलवार को साजिद हुसैन को जुडीशियल कोर्ट मलिकपुर में पेश किया गया। कोर्ट ने साजिद हुसैन को 1 मार्च तक सात दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।