पठानकोट। शहर के साथ सटे कस्बा डमटाल के हाइवे स्थित रांची मोड़ पर हथियारों से लैस दो नकाबपोश व्यक्तियों ने शुक्रवार देर रात शराब का ठेका लूट लिया। दोनों नकाबपोश एक इनावो गाड़ी में आए थे। रांची मोड़ स्थित शराब के ठेके में हुई इस घटना से दहशत का माहौल है।
लुटेरों के जाने के बाद दोनों सेल्समैनों ने घटना की सूचना पुलिस चौकी डमटाल और पुलिस थाना इंदौरा को दी। इस पर थाना प्रभारी इंदौरा बलवीर चंद और डमटाल चौकी प्रभारी प्रभात चंद घटना स्थल पर पहुंचे। इस मौके पर पहुंचे डीएसपी नुरपूर राजीव अत्री ने भी मामले के संबंध में जानकारी प्राप्त की और लुटेरों के साथ ही इनोवा गाड़ी की तलाश के आदेश जारी कर दिए है। उन्होेेेंने बताया कि लुटेरों को पकड़ने की टीमें गठित कर दी गई है। तथा जल्दी ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
ठेके के सेल्समैन अक्षय कुमार और गुरमीत सिंह निवासी गगल ने पुलिस को बताया कि रात के समय में दो नकाबपोश लोहे की राड़ों व अन्य हथियारों से लैस होकर इनोवा गाड़ी में आए। उन्होंने बाहर से शटर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद लुटेरों ने दोनों सेल्समैनों को जान से मारने की धमकी देकर एक कोने में बिठा दिया और ठेके से 20 पेटी अंग्रेजी शराब और 20 हजार की नकदी लेकर फरार हो गये।
दोनों सेल्समैन ने बताया कि लुटेरों की संख्या चार थी। इनमें दो लोग इनोवा गाड़ी में ही सवार थे, जिस सिल्वर कलर की इनोवा में बैठ यह लोग आए थे वह बिना नंबर की थी। शराब के ठेके के मालिक अमर सिंह ने बताया कि 6 माह पहले भी ऐसी ही एक घटना हुई थी। मगर उस घटना में बचाव हो गया था। किसी का कोई नुकसान नही हुआ था।