गुरदासपुर । थाना भैणी मियां खां में पत्नी को लेने गए एक एनआर आई युवक ने ससुरालियों के जलील करने पर जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। वह करीब एक हफ्ता पहले भी अपनी मां के साथ पत्नी को लेने उसके मायके आया था, लेकिन तब भी उसके ससुरालियों ने उसे बुरी तरह जलील किया तथा बेटी को साथ भेजने से मना कर दिया।
जिससे युवक मानसिक तौर पर भी परेशान रहने लगा। थाना प्रभारी हरशरण सिंह ने बताया कि युवक की मां गुरमीत कौर के बयानों पर जसबीर की पत्नी राजविंदर कौर, ससुर चंचल सिंह, सास वीर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है, लेकिन सभी आरोपी फरार है।
एनआरआई युवक की मां गुरमीत कौर ने थाना भैणी मिआं खां के प्रभारी हरशरण सिंह को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे जसबीर सिंह (35) पुत्र की शादी करीब 13 साल पहले राजविंदर कौर पुत्री चंचल सिंह निवासी भैणी मिआं खां के साथ हुई थी। जसबीर सिंह कुवैत में काम करता था।
उसके बेटे के तीन बच्चे दो बेटियां और एक बेटा है। जसबीर की बड़ी बेटी 8, दूसरी सात साल और तीसरा बेटा करीब 6 साल का है। कुवैत में उसे पता चला कि करीब 15 से दिन पहले राजविंदर कौर घर छोड़ कर अपने मायके भैणी मिआं खां चली गई है। दो दिन बाद ही कुवैत से अपने घर गांव बेगोवाल आया और राजविंदर कौर को फोन कर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पत्नी घर नही आई।
करीब 8 दिन पहले जसबीर अपनी मां गुरमीत कौर के साथ अपने ससुराल गया और राजविंदर से घर चलने का आग्रह किया। इस दौरान जसबीर के ससुर चंचल सिंह सास वीर कौर और पत्नी राजविंदर कौर ने उसे और उसके बेटे को बेइज्जत किया। उसके समधि ने जसबीर को जलील कर घर से बाहर निकाल दिया और बेटी को नही भेजा।
2 नवंबर की शाम 3 बजे दोबारा जसबीर राजविंदर को लेने उसके घर गया ताकि दिवाली का त्योहार मिलकर मनाया जा सके। राजविंदर तथा उसके घर वालों ने उसे बुरी तरह से जलील कर दोबारा घर से निकाल दिया। ससुरालियों और पत्नी की जलालत से तंग जसबीर ने ससुराल भैणी मिआं खां में ही कोई जहरीला पदार्थ निगल कर खुदकुशी कर ली। मृतक जसबीर सिंह की मां गुरमीत कौर ने बताया कि उन्हें जसबीर के ससुराल में खुदकुशी करने की सूचना किसी परिजन ने फोन पर दी।
प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान यह सामने आया है कि राजविंदर कौर तथा जसबीर में किसी बात को लेकर नाराजगी चल रही थी। जिसने इतना विकराल रुप धारण कर लिया कि जसबीर को आत्महत्या करनी पड़ी।