सांसद विनोद खन्ना ने शनिवार को कहा कि कैंसर की बीमारी के कारण वह अपने संसदीय क्षेत्र में काफी समय से नहीं आ सके। उन्होंने बताया कि अब मैं कैंसर से करीब 80 प्रतिशत तक उबर चुका हूं और हल्के के पेंडिंग सभी काम निपटा कर ही लौटूंगा। सांसद फारेस्ट विभाग के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
प्रेस वार्ता में सांसद विनोद खन्ना ने बताया कि वर्ष 2010 में उन्हें पता चला था कि वह कैंसर से पीड़ित हैं। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जर्मनी जाना पड़ा और सर्जरी भी करानी पड़ी। उन्होंने बताया कि अब मै कैंसर से 80 प्रतिशत उबर चुका हूं। अपना बचाव करते हुए करते हुए खन्ना ने बताया कि इन सब के बीच अपने संसदीय क्षेत्र में उन्होंने विकास कार्य रुकने नहीं दिए।
हलके के तीनों विधायकों की ओर से बताई जाने वाली हर समस्या को वह केंद्र सरकार तक पहुंचाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि कहा पठानकोट एयरपोर्ट पर यातायात की बंद पड़ी सुविधा को बहाल कराने के लिए वह प्रयास कर रहे हैं और जल्द ही क्षेत्र के एयरपोर्ट से बंद बड़ी यातायात को बहाल करवा दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि पीए समरेंद्र शर्मा की बेटी की शादी में आने के कांग्रेस के आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि यह एक इत्तफाक है कि उनके दौरे के दौरान ही पीए समरेंद्र शर्मा की बेटी की शादी आ गई। उन्होंने कहा कि अब वह हलके का पेंडिंग पड़ा सारा कार्य निपटा कर ही लौटेंगे।
सांसद के इस्तीफे की मांग का जवाब विधायक अश्विनी शर्मा ने देते हुए कहा कि सांसद के अनुपस्थित रहने पर उनके प्रतिनिधि के रूप में वह खुद हलके के लोगों के लिए हर समय उपस्थित हैं। एयरफोर्स स्टेशन के बाहर नेशनल हाईवे सर्विस रोड के बंद होने पर सांसद ने कहा कि डीसी व एसएसपी ने एयरफोर्स अधिकारी से बात की है और जल्द ही इस समस्या का निवारण हो जाएगा।
‘तमाशा दिखाने वाले डुगडुगी बजाकर चले गए’
बीतें दिनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से उनके घर का घेराव करने को सांसद ने तमाशा बताया। उन्होंने कहा वह कुछ तमाशबीन लोगों का एक तमाशा था, जो अपनी डुगडुगी बजाने आए थे और बजाकर चले गए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने कहा कि वह दस-बीस लोगों का एक गुट था, जिसमें कांग्रेस का कोई बड़ा नेता नहीं था। अश्विनी शर्मा के भाजपा पंजाब प्रधान बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला हाईकमान को कहना है। इस दौरान सांसद के साथ उनकी पत्नी कविता खन्ना, भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व विधायक अश्विनी शर्मा, डिप्टी स्पीकर पंजाब एंव सुजानपुर के विधायक दिनेश सिंह बब्बू, भोआ हलके की विधायक सीमा कुमारी, मेयर अनिल वासुदेवा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल रामपाल, महामंत्री राकेश शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन विपिन महाजन उपस्थित थे।