पठानकोट में दो युवकों ने एक गांव में बाजार से घर का सामान लेने गई एक नाबालिग को अगवा कर बंधक बना लिया और रातभर उससे दुराचार किया।
कानवां पुलिस ने पीड़ित लड़की की शिकायत के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ दुराचार और प्रोटेक्शन आफ चिल्ड्रन सेक्सुअल वायलेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जाते हैं।
पीड़ित लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कल देर सायं वह घर से सामान लेने के लिए निकली थी। रास्ते में गांव में ही रहने वाले पंकज और गांव कुंडे निवासी गुरमीत सिंह उर्फ सोनू मोटर साइकिल पर उसके पास आए।
उसने आरोप लगाया कि दोनों ने पहले तो उससे छेड़छाड़ की और विरोध करने पर दोनों जबरदस्ती उसे मोटर साइकिल पर बैठाकर एक ट्यूबवेल के कमरे में ले गए। जहां दोनों ने उससे रातभर दुराचार किया।
सुबह उसे अकेले छोड़कर दोनों भाग निकले। घर पहुंचने पर परिजनों को आपबीती सुनाई।
पीड़ित लड़की की शिकायत पर कानवां पुलिस थाना में उक्त दोनों युवकों के खिलाफ दुराचार और प्रोटेक्शन आफ चिल्ड्रन सेक्सुअल वायलेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कानवां थाना के प्रभारी राज कुमार ने बताया कि नाबालिग का मेडिकल कराया गया है और पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी कर रही है।