शाहपुरकंडी बैराज के निर्माण कार्य में लगे भारी भरकम वाहनों के माधोपुर-शाहपुरकंडी रोड से गुजरने की वजह से लोग परेशान हो गए हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने वाहनों को रुकवाकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से भारी भरकम वाहनों की आवाजाही बंद कराने की मांग की।
नंदलाल, जसवंत सिंह संधू, सुष्मा देवी, नरिंदर सिंह, निशा कुमारी, पूजा देवी, सुनीता देवी, कमलेश रानी, बीना देवी, कमला देवी, बलदेवराज, शिव लाल, अशोक कुमार, सुभाष चंद्र, मनोहर लाल, राजकुमार, अशोक ठाकुर, बिट्टा और अनिल कुमार ने बताया कि बैराज के निर्माण कार्य में लगी कंपनी के भारी भरकम वाहन माधोपुर-शाहपुरकंडी लिंक रोड से होकर गुजरते हैं। रात में भी सड़क पर वाहनों के दौड़ने से शोर मचा रहता है।
उन्होंने कहा कि भारी भरकम वाहन खाली नहीं, बल्कि ओवरलोड होकर चलते हैं। इससे सड़क का बुरा हाल हो गया है। इससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गाड़ियां ओवरलोड होने की वजह से किसी भी समय ऊपर से पत्थर गिरने का भय बना रहता है, खासकर स्कूली बच्चों का सड़क पार करना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द भारी भरकम वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई तो पक्के तौर पर रोड बंद कर दिया जाएगा।
उधर, मौके पर पहुंचे कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज मनमोहन सिंह ने कहा कि वह एक दो दिन में समस्या का समाधन करेंगे। इस संबंध में बांध परियोजना के अधिशाषी अभियंता सुधीर गुप्ता ने बताया कि वह इस समय बाहर हैं और मौका देखकर समस्या का समाधान करेंगे।