सुजानपुर (पठानकोट)। अनमोल स्पोर्ट्स क्लब की ओर से कराए जा रहे टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का वीरवार को समापन हो गया। इस मौके पर खेले फाइनल मुकाबले में संधू इलेवन लुधियाना ने मार्शल इलेवन गुरदासपुर को 102 रन के विशाल अंतर से हराकर खिताब पर कब्जा किया। कार्यक्रम के अंत में डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने विजेताओं को सम्मानित किया। फाइनल मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिनेश मोंगिया ने भी शिरकत की।
वीरवार को हुए मैच में लुधियाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 159 रन बनाए। इसके जवाब में गुरदासपुर की टीम 14 ओवरों में 57 रनों पर ही ढेर हो गई और लुधियाना ने 102 रनों के अंतर से फाइनल मैच जीत लिया। बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाने पर गुरप्रीत को मैन आफ द मैच और लुधियाना के बेहतरीन बल्लेबाज किशन को मैन आफ द सीरीज चुना गया।
उन्हें 11 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मैच के विजेता टीम संधू इलेवन लुधियाना को अनमोल कप ट्राफी और 71 हजार रुपये की नगदी देकर टीम को सम्मानित किया गया जबकि उपविजेता टीम मार्शल इलेवन गुरदासपुर को 31 हजार नकद व ट्राफी दी गई।
इस मौके पर डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने कहा कि युवा नशों का त्याग कर खेलों में रुचि ले ताकि उनका मानसिक व शारीरिक विकास हो सके। इस मौके पर सरपरस्त बाबा बिशन शाह, क्लब के प्रधान जसपाल सिंह, पूर्व नगर काउंसिल प्रधान राजकुमार गुप्ता, डॉ. घनश्याम राय शर्मा, पूर्व पार्षद सुरेश महाजन राजू, रतन शर्मा, भाजपा नेता वरुण ठाकुर विक्की, ठाकुर रणजीत सिंह फलौरा, डी.एस.पी डॉ. मुकेश कुमार, थाना प्रभारी परमवीर सैनी, कैप्टन सज्जन सिंह, राकेश शर्मा, समीर ठाकुर, ई.अजय महाजन, बुद्वि सिंह, चतर सिंह, राज कुमार नामू, विक्की सोनी, डिंपल शर्मा, पारस शर्मा, पुनीत, नंद किशोर, घनश्याम सिंह, बलजीत सिंह, रोमी सोनी, अमित सागर, अमित चंाद, पिंटू जसरोटिया, विकास शर्मा, नवीन मेहरा उपस्थित थे।