पठानकोट/सुजानपुर। सुजानपुर में अज्ञात लोगों ने गला दबाकर युवक की हत्या कर दी और लाश को बिजली ग्राउंड के नजदीक खाली प्लाट में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक का कुछ समय पहले दो लोगों से झगड़ा भी हुआ था। उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की है। फिलहाल हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग सकी है। वहीं हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
शाहपुरी गेट मोहल्ला निवासी मृतक के पिता जनक राज और भाई नीरज कुमार ने बताया कि उसका पुत्र नरेश कुमार नेशा (33) मिस्त्री का काम करता है और इन दिनों पठानकोट के खानपुर में कार्य कर रहा लगा था। बुधवार को सुबह उसका शव बिजली ग्राउंड के पास खाली प्लाट में पड़ा था। सूचना मिलने पर डीएसपी रूरल-2 मनोज कुमार, डीएसपी (डी) जगजीत सिंह और सुजानपुर के एसएचओ परमवीर सैनी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। मृतक के गले पर किसी चीज से दबाए जाने निशान था और ढोडी के नीचे चोट के निशान थे। इसके अलावा लाश के पास से शराब की बोतल और खाने पीने का सामान भी मिला है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम को नरेश ने फोन करके रात को घर नहीं आने की सूचना दी। उन्होंने कहा कि सुबह उन्हें बिजली ग्राउंड के पास नरेश का शव मिलने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व उसके बेटे पर मोहल्ले के कुछ युवकाें ने हमला कर उसे घायल कर दिया था और अब बेटे की हत्या कर दी गई। मृतक के पिता ने बताया कि उसके तीन बेटे थे। इसमें से एक पहले ही मर चुका है दूसरे का अब कत्ल हो गया है । इस संबध में थाना प्रभारी परमवीर सैनी ने बताया कि सुजानपुर पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट भेज दिया है।
हत्यारे जान पहचान वाले
पठानकोट। शाहपुरी गेट मोहल्ला निवासी नरेश कुमार की हत्या के मामले में जांच में संभावना जताई जा रही है कि हत्यारे कोई और नहीं हैं, बल्कि वारदात को अंजाम देने वाले नरेश की जान पहचान वाले ही हो सकते हैं। पुलिस ने लाश के पास से खाने पीने का सामान बिखरा मिला है और शराब की बोतल बरामद की है। संभावना जताई जा रही है कि हत्यारों ने नरेश कुमार के साथ पहले शराब पी है और वहां पर कुछ विवाद होने पर उक्त लोगों ने गला दबाकर नरेश की हत्या कर दी होगी। मृतक के भाई नीरज कुमार ने बताया कि नरेश शराब सेवन का आदी था और उसके साथ हत्या से पहले कुछ लोगों ने शराब भी पी है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले नरेश पर मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने हमला कर जख्मी कर दिया था।