मामून छावनी से पकड़े गए पाकिस्तानी जासूस इरशाद अहमद के साथी साजिद हुसैन को पंजाब पुलिस ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले की कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लाई और उसे शनिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी साजिद को 18 फरवरी तक के लिए रिमांड पर भेज दिया है।
बीते दिनों मामून छावनी में मजदूरी कर रहे पाकिस्तानी जासूस को इरशाद अहमद को पकड़ा गया था। मामून थाना प्रभारी राजिंद्र मन्हास ने बताया कि पाकिस्तानी एजेंट इरशाद ने पूछताछ में बताया था कि वह यहां की तस्वीरें जम्मू कश्मीर के पुंछ में रहने वाले अपने मौसी के बेटे साजिद हुसैन को भेजता था।
साजिद इन तस्वीरों को पाकिस्तान में बैठे आकाओं तक पहुंचाता था। इसके बाद रा और पुलिस इरशाद को लेकर पुंछ गई थी। वहां जम्मू कश्मीर पुलिस ने साजिद को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पंजाब पुलिस पाक जासूस इरशाद के साथी साजिद हुसैन पुत्र खातम हुसैन निवासी हाडी थाना सुरनकोट जिला पुंछ से लेकर आई।
उसे आज कोर्ट में पेश किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि साजिद हुसैन माना है कि वह इरशाद से मिली तस्वीरें पाकिस्तान में अपने आकाओं के पास भेजता था। यह भी पता चला है कि साजिद हुसैन जम्मू कश्मीर में विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों में काल सेंटरों में कार्य करता था। कोर्ट ने साजिद को 18 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।