जिले से सटी भारत-पाकिस्तान राष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ ने 2.30 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत 10.15 करोड़ रुपये है।
जानकारी के अनुसार भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित पंज गराईयां चौकी के पास तस्कर ये हेरोइन पाकिस्तान से भारत भेजने वाले थे।
बीएसएफ के सेक्टर गुरदासपुर के खुफिया विभाग के डीसीजी परमजीत सिंह ने बताया कि सीमा से हेरोइन की तस्करी का पहले से ही शक होने के कारण जवान पूरी तरह चौकस थे।
उन्होंने बताया कि वीरवार दोपहर करीब एक बजे गुरदासपुर के अंतर्गत आने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 74 बटालियन की पंज गराईयां पोस्ट के पिल्लर नंबर 57-1 के पास डीआईजी आरपीएस जसवाल जालंधर के नेतृत्व में तलाशी अभियान चलाया गया।
इस दौरान चार विभिन्न पैकेटों में बंद 2.30 किलो हेरोइन बुर्जी के पास कंडियाली तार से 400 फुट दूरी पर बरामद हुई। हेरोइन बीएसएफ के अधिकारियों ने नारकोटिक्स सेल अमृतसर को सौंप दी है।