थाना सदर के अंतर्गत आने वाले गांव गुनिया में एक भट्ठा मालिक के दफ्तर में लेबर का ठेका करने आया ठेकेदार दफ्तर में पड़े सात लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने जांच के बाद भट्ठा मालिक के बयानों के आधार पर करीब एक माह बाद मामला दर्ज किया है।
थाना सदर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव गुनिया निवासी नरिंदर सिंह पुत्र गुरबचन सिंह का अपने गांव में ही दफ्तर है। नरिंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि नौ मई को उन्होंने अपने दफ्तर में सात लाख रुपये रखे हुए थे।
उसी दिन उनके दफ्तर में लेबर का ठेका करने शिव कुमार अपने अन्य साथी कोमल, महेश, होरी लाल, गुड्डू सभी निवासी छत्तीसगढ़ जोफिलहाल आरती बिल्डिंग भट्ठा, खड़खोदा जिला सोनीपत में रहते हैं आए।
इस दौरान वह उनके लिए चाय लेने के लिए बाहर चले गए। जब वह लोग वापिस चले गए तो उनके दफ्तर में रखे सात लाख रुपये गायब थे। थाना सदर प्रभारी तरलोक सिंह ने बताया कि नरिंदर सिंह ने यह शिकायत एसएसपी गुरदासपुर को दी थी। जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अब एएसआई सर्बजीत सिंह को सौंप दी गई है। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।