डोगरा मोहल्ले के एक मकान में शनिवार को आयोजित लंगर के कार्यक्रम के बीच सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग भड़क उठी। हादसे में तीन महिलाएं व तीन बच्चों समेत छह लोग बुरी तरह झुलस गए। हताहत लोगों में शामिल पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अमृतसर रेफर किया गया है।
जबकि एक अन्य घायल वृद्धा का इलाज सिविल अस्पताल बटाला में चल रहा है। घायलों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। डोगरा मोहल्ले का रहने वाला जसपाल सिंह सड़क हादसे में घायल होने के बाद से ही बीमार चल रहा है। शनिवार को उसकी सलामती की कामना को लेकर परिजनों की ओर से लंगर का आयोजन किया गया था। इस बीच परिवार की महिलाएं और बच्चे भोजन तैयार करने में लगे हुए थे। जसपाल के पड़ोसी का परिवार भी इस मामले में उनकी मदद कर रहा था।
इसी बीच सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगी। कुछ ही देर में कमरे में आ लग गई। इसमें जसपाल की पत्नी जसबीर कौर, मां सुरजीत कौर तथा मिंटू के अलावा जसपाल के चेचेरे भाई की पत्नी पूजा, बेटी रशमीत(14), बेटी जशन (12) तथा छोटा बेटा शरण(8)बुरी तरह से झुलस गए।
उन्हें एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालत नाजुक होने के कारण वृद्धा सुरजीत कौर को छोड़ कर शेष सभी घायलों को अमृतसर रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार अमृतसर रेफर किए गए लोग करीब 80 प्रतिशततक झुलस चुके थे। घटना की सूचना पर मौके पर गए फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग काबू करने में कामयाबी पाई।