बटाला। शादी समारोह में बेवजह खलल डालने वाले दोनों युवकों को अपनी करतूत महंगी पड़ी। मामले में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन पर यह भी आरोप है कि उन्होंने खुद को एक्साइज विभाग का कर्मचारी बताया था। घटना के संबंध में पुलिस ने 25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
वीरवार को शिकायतकर्ता के समर्थन में भाजपा के जिला प्रधान और अन्य भाजपा पदाधिकारी भी नजर आए। वीरवार को भाजपा के जिला प्रधान सुरेश भाटिया एसपी से मिले। जिला प्रधान सुरेश भाटिया और शिकायतकर्ता रघुबीर सिंह ने उक्त युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि मामले से संबंधित आरोपी युवक वास्तव में एकसाइज विभाग के कर्मी थे या नहीं इसका खुलासा नहीं हो सका है।
वीरवार को पुलिस को दी शिकायत में रघुबीर सिंह वासी डेरा बाबा नानक रोड बटाला ने बताया है कि बुधवार को उसकी भतीजी की खुशी वाटिका में शादी थी। शादी के दौरान करीब 25 अज्ञात लोग जबदरदस्ती शादी में घुस गए और शादी में खलल डालने लगे । खराबी करने वाले युवक अपने आप को एकसाइज विभाग के कर्मचारी बताने लगे। इसके अलावा वह गाली गलोच भी करने लगे।
शिकायतकर्ता रघुबीर सिंह ने बताया कि उसने युवकों से कहा भी कि उसने एकसाइज विभाग से परमिट लिया हुआ है मगर वह न माने। शिकायतकर्ता ने आगे बताया है कि शादी में खड़ी उसकी कार में से उनमे से एक युवक ने मास्टर चाबी से उसकी कार को खोला और उसकी कार में रखा हुआ सामान और पैसे चोरी कर लिए। उक्त शिकायतकर्ता ने आगे पुलिस अधिकारियों से अपील है कि उक्त युवकों के खिलाफ उसकी गाड़ी में से पैसे चोरी करने और शराब चुराने के आरोप में मामला दर्ज किया जाए। जब इस संबंध में एसपी हेडक्वाटर तजिंदर सिंह से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनकों शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। इस मामले की छानबीन करने के लिए डीएसपी सिटी को इनकवारी दे दी गई है। जांच पड़ताल के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।