पठानकोट सुजानपुर के मोहल्ला जम्मू कलियारी की गली नम्बर 3 से श्मशान घाट को जाने वाले मुख्य मार्ग पर बना गंदा नाला ब्लाक रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गंदे पानी से इलाके की कई एकड़ फसल बर्बाद हो गई। इससे नाराज मोहल्लावासियों ने सुजानपुर नगर काउंसिल के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रही बबिता पठानिया, सुमन जसरोटिया, सुषमा जसरोटिया, पुष्पा पठानिया, जोध सिंह, राकेश महाजन, राज सिंह, बब्बू मान, हरजिंद्र सिंह ने बताया कि उनके मोहल्ले जम्मू कलियारी से श्मशान घाट की ओर जाने वाली सड़क के पास ही नाला बहता है।
सफाई न होने से यह नाला हर समय ब्लाक रहता है। इससे नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर उनके खेतों में आ रहा है। इससे कई एकड़ फसल बर्बाद हो गई है।। इस संबंध में उन्होंने कई बार नगर काउंसिल सुजानपुर व पार्षद को अवगत भी कराया। इसके बाद भी समस्या का हल नहीं हुआ। इतना ही नहीं नाले का गंदा पानी गली में एकत्र रहने से बीमारियां फैलने का खतरा भी बना है।
नगर काउंसिल प्रधान रूपलाल का कहा समस्या उनके ध्यान में है। समाधान के लिए योजना तैयार की जा रही है। उन्हाेंने कहा कि इस नाले पर बनी पुली को ऊंचा करवाया जाएगा और नाले के शुरू पर जाली लगाई जाएगी, ताकि कचरा इस नाले में न जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है, कि वह नाले में गंदगी न फेंके, ताकि नाला ब्लाक न हो। उन्होंने दावा कि वह रोजाना दो बार कर्मचारी को स्थिति का जायजा लेने के लिए भेजते हैं।