शाहपुरकंडी डैम पर कार्यरत तीन जूनियर इंजीनियरों के तबादले के विरोध में शनिवार को जेई कैडर का गुस्सा भड़क उठा। जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन ने तबादले के विरोध में डैम के एक्सईएन सैनी की कोठी के बाहर धरना दिया और तीनों इंजीनियरों के तबादला आदेश रद्द करने की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश कुमार बजाज ने बताया कि कुछ ही महीने पहले शाहपुरकंडी बैराज डैम का निर्माण कार्य निजी कंपनी ने शुरू किया है। उन्हाेंने आरोप लगाया कि उक्त कार्य की ड्राइंग मांगने पर अधिकारियों ने तीन जूनियर इंजीनियरों एनके बजाज , सुरिंदर सैनी और चरणदास की गिदड़बाहा की बदली के आर्डर करा दिए।
जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन के सदस्यों ने डैम के चीफ इंजीनियर को चेतावनी दी है कि यदि तीनों इंजीनियरों के बदली के आदेश तुरंत रद्द करके उक्त डैम अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं की तो पंजाब, हिमाचल और जेएंडके के सभी जूनियर इंजीनियरों को साथ लेकर जोरदार संघर्ष करेंगे और डैम का सारा कार्य बंद करवा देंगे। रोष प्रदर्शन में हरपाल सिंह, गुरमुख सिंह, राजिंदर सिंह, एनडी शर्मा, प्रगट सिंह, रजेश बग्गा, राकेश महाजन, सुरिंदर सैनी, उत्तम चंद, चरणदास, परमजीत सिंह, जेपी सिंह, नरेश कुमार, गुरपाल सिंह, राजेंदर कुमार और भारत भूषण शामिल रहे।