पुलिस के सीआईए स्टाफ ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में उक्त गिरोह के वाहन चोरी कर जम्मू-कश्मीर में बेचने की बात सामने आ रही है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है। जानकारी के मुताबिक सीआईए स्टाफ के एसआई हरीत शर्मा ने पुलिस पार्टी के साथ खड्डी पुल के पास नाका लगाया था।
नाके पर गुप्त सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर के मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार होकर आ रहे हैं, जो पठानकोट से वाहन चोरी कर जेएंडके में उसे बेचने का काम करते हैं। नाके पर जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस ने उक्त बिना नंबर के मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया तो पीछे बैठा आदमी कूदकर भाग निकला।
नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बाइक चालक को पकड़कर उसके दस्तावेजों के बारे में जांच पड़ताल की। जांच में उक्त मोटरसाइकिल के दस्तावेज नहीं मिले।
पुलिस के मुताबिक युवक मोटरसाइकिल चोरी कर उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव मुद्दे निवासी शेरू के रूप में हुई है, जबकि फरार युवक को गांव छतवाल निवासी अमी बताया जा रहा है। पुलिस थाना डिवीजन नं.1 में दोनों के खिलाफ चोरी के आरोप में मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ जारी है और उनके तार चोर गिरोह से जुड़े होने की संभावना है।