पठानकोट आतंकी हमले में शहीद हुए फतेह सिंह के परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। शहीद की पत्नी को पंजाब सरकार की ओर से एक्सग्रेशिया ग्रांट के अंतर्गत दी जाने वाली इस सहायता राशि का चेक राज्यमंत्री व तकनीकी शिक्षा व औद्योगिक प्रशिक्षण के चेयरमैन सेवा सिंह सेखवां ने सौंपा।
एसडीएम कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहीद के परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने यह आर्थिक सहायता देकर शहीद के परिवार का दुख बांटने की कोशिश की है। सेखवां ने कहा कि पठानकोट में पहली जनवरी को हुए आतंकी हमले में गांव झंडा गुज्जरां, काहनूवान के फतेहसिंह आतंकियों का मुकाबला करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।
उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परिवार को आर्थिक सहायता दिलानें का सरकार प्रयास करेगी। केंद्र सरकार सिफारिश करेगी कि शहीद के परिवार को एक पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी का लाइसेंस दिया जाए।
सेखवां ने कहा कि आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त हुए गांव चक्क शरीफ के शहीद हवलदार कुलवंत सिंह के पारिवारिक सदस्यों के लिए भी 25 लाख की आर्थिक सहायता का चेक भेजा गया है लेकिन उनके परिवार के किसी भी सदस्य के न पहुंचने के कारण अगले दिन यह चेक परिवार को सौंप दिया जाएगा। इस अवसर पर अरविंद सालवान नायब तहसीलदार, सतबीर सिंह वडैच सैनिक भलाई अधिकारी व सूबेदार सरूप सिंह उपस्थित थे।