जिले में क्रिसमस का पर्व बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर इलाके के चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। चर्च में कैंडल जलाकर तथा केक काटकर मसीही भाईचारे ने एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। पठानकोट में चर्च आफ नार्थ इंडिया मिशन रोड पर मसीही भाईचारे की ओर से क्रिसमस मनाया गया।
बाजारों में भी सांता क्लॉज ने सड़कों पर आते-जाते बच्चों को उपहार बांटे। इससे पहले देर रात से चर्च में उत्सव जैसा माहौल रहा। चर्च पूरी तरह से रोशनी में डूबा रहा। रात से चर्च में प्रार्थना सभा का आयोजन शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। 12 बजे के साथ ही प्रभु यीशु के जन्म पर पूरा इलाका पटाखों की आवाज से गूंज उठा। रात में लोगों ने कैंडल जलाए और प्रभु यीशु के जन्म की एक-दूसरे को बधाई दी।
बुधवार को दिन में चर्च में लोगों का तांता लगा रहा। मिशन रोड स्थित चर्च आफ नार्थ इंडिया (सीएनआई) में क्रिसमस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने प्रभु यीशु के जीवन से जुड़ी लघु नाटिका नए जीवन मंचन किया।
दिन में चर्च की क्वायर ने प्रभु यीशु के जीवन पर आधारित गीत प्रस्तुत कर सबको भाव विभोर कर दिया। इस मौके पर प्रार्थना सभा में हिस्सा लेने के लिए मसीही भाईचारे के लोगों की भीड़ लगी रही। देर रात तक चर्च में कार्यक्रम का दौर चलता रहा। लोगों ने क्रूस के आगे कैंडल जलाए और केक काटकर प्रभु के जन्मदिन की बधाई दी।
सुजानपुर के क्रिश्चियन सभा वार्ड नंबर-2 और 3 की ओर से क्रिसमस पर आयोजित समारोह में नगर काउंसिल के प्रधान राजकुमार गुप्ता और पूर्व पार्षद जोगिंदर पाल तथा बाबा बिशन शाह विशेष तौर पर उपस्थित हुए। राजकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रभु यीशु ने दुनिया को शांति एवं भाईचारे का संदेश दिया है और हमें उस पर अमल करना चाहिए।
इस मौके पर पूर्व पार्षद सुरेश महाजन राजू, पूर्व पार्षद नजीर मसीह, आरडी रंधावा, पम्मा मसीह, वेद मसीह, बोबी सहोता, अजय कुमार, हीरा लाल, सुरेंद्र वर्मा, सुरेश बोबी, अशोक बावा, सुभाष अवरोल, राजेश सेठी और रोहित अवरोल मौजूद रहे।