फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान से फिर घुसपैठ की कोशिश, बीएसएफ ने एक को मार गिराया

Thu, 21 Jan 2016 10:01 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पठानकोट
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के बमियाल सेक्टर में वीरवार सुबह करीब छह बजे पाकिस्तान की ओर से तीन घुसपैठियों ने भारतीय सीमा में घुसकर बीएसएफ जवानों पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में एक घुसपैठिए की मौत हो गई वहीं दो वापस पाकिस्तान की सीमा में घुस गए।
विज्ञापन


घटना के बाद पाक रेंजर्स के साथ बीएसएफ की फ्लैग मीटिंग हुई, जिसमें पाक रेंजर्स ने मारे गए घुसपैठिए के पाकिस्तानी नागरिक होने से साफ इंकार कर दिया। घुसपैठियों के वापस जाने के बावजूद बमियाल सेक्टर के अधीन पड़ते ग्रामीण क्षेत्रों को सील कर बीएसएफ और अर्द्धसैनिक बलों का सर्च अभियान जारी रहा। मारे गए घुसपैठिए के पास कोई पहचान पत्र, हथियार या गोला बारूद बरामद नहीं हुआ है।

बमियाल सेक्टर के अधीन पड़ते ताश पत्तन के पास पिलर नंबर 12 पर वीरवार सुबह घुसपैठ करने की कोशिश की गई। तीन घुसपैठिये पाक की ओर से भारतीय सीमा में 50 मीटर तक घुस आए। बीएसएफ के जवानों ने उन्हें पुकारा लेकिन घुसपैठिए बाड़ के और नजदीक आने लगे। अचानक दो घुसपैठियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
विज्ञापन


बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। करीब आधा घंटा चली मुठभेड़ में बीएसएफ जवानों ने एक घुसपैठिए को मार गिराया। बाकी दो घुसपैठिए धुंध का फायदा उठाते हुए पाक सीमा में वापस भाग गए।

पाक की बनी टोपी पहने था घुसपैठिया
घुसपैठिए ने पाकिस्तान में बनी हुई टोपी पहनी हुई थी। इसके अलावा उसके पास से तीन माचिस की डिब्बियां मिली हैं जो पाकिस्तान में तैयार की गई है। वहीं पाक रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग में बीएसएफ ने मारे गए घुसपैठिए के शव को उनके सामने रखा लेकिन पाक रेंजर्स ने घुसपैठिए के पाकिस्तानी नागरिक होने से इंकार कर दिया।  

आसपास के गांवों में सर्च अभियान जारी
घटनाक्रम के बाद घटनास्थल ताश पत्तन से लेकर नजदीकी बमियाल गांव तक का सारा क्षेत्र सील कर दिया गया है। अर्द्धसैनिक बल व बीएसएफ संयुक्त रूप से गश्त कर रहे हैं।

तीन घुसपैठिए भारतीय सीमा में घुसपैठ कर फायरिंग कर रहे थे। जवाबी फायरिंग में एक मारा गया दो फरार हो गए। नजदीकी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन

अनिल पालीवाल, आईजी, बीएसएफ

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें