सोमवार को दिनदहाड़े शहर के ढांगू रोड पर पंजाब स्टेट ट्यूबवेल कारपोरेशन (पीएसटीसी) के सहायक इंजीनियर से बाइक सवार दो युवक दो लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल लुटेरों का सुराग नहीं लग पाया है।
पीएसटीसी में बतौर सहायक इंजीनियर तैनात मोहन लाल मूलरूप से होशियारपुर निवासी हैं और सैली रोड पर किराए की कोठी में रहते हैं। सोमवार दोपहर को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा से पैसे निकलवाने के लिए आए थे। अपने खाते से दो लाख रुपये निकलवाने के बाद सवा तीन बजे मोहन लाल बैंक के बाहर ढांगू रोड पर आ गए। इस बीच मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए और उनका पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। जब तक मोहन लाल ने शोर मचाया, तब तक बाइक सवार लुटेरे ढांगू रोड पर आगे की ओर निकल चुके थे। दिनदहाड़े ढांगू रोड पर लूट होने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
मामले की जानकारी मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मोहन लाल ने बताया कि बाइक सवार सामने से आए और उनके बैग को झपटकर भाग निकले। उधर, थाना डिवीजन नंबर-2 के एसएचओ अश्वनी कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के बाद लूट के बारे में पता चल सकेगा।
व्यस्त रोड पर वारदात
मालूम हो कि ढांगू रोड शहर का सबसे व्यस्त रोड है। रोजाना सुबह से शाम तक सड़क भारी वाहनों की भीड़ लगी रहती है। खासकर एसबीआई के पास होटलों में आने वाले वाहनों की भीड़ रहती है। लुटेरे सरेआम लूट की वारदात को अंजाम देकर चले गए और पुलिस के सुरक्षा प्रबंध भी धरे के धरे रह गए।