मामून थाना क्षेत्र के पठानकोट-डलहौजी मार्ग पर रविवार की रात टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसका दोस्त घायल हो गया।
घायल को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में लिया है।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान कुलदीप सिंह (22) और घायल की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों नानक नगर दीनानगर के निवासी हैं। मृतक के पिता नागर मल्ल ने बताया कि रविवार को उनका बेटा कुलदीप सिंह अपने दोस्त अजय कुमार के साथ उनके एक ओर दोस्त की शादी में पठानकोट के वालिया रिसार्ट आए थे।
प्रोग्राम अटेंड करने बाद कुलदीप और अजय बाइक में सवार होकर घर लौट रहे थे। वालिया रिसार्ट के निकट टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। कुलदीप को स्थानीय चौहान मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कुछ ही देर बाद कुलदीप ने दम तोड़ दिया।
घायल अजय को पठानकोट के अमनदीप अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस थाना मामून के एएसआई हरजिंद्र सिंह ने बताया कि हादसे को अंजाम देने टैंकर चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में लिया गया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद कुलदीप का शव वारिसों को सौंप दिया गया है।