गुरदासपुर। सांसद प्रताप सिंह बाजवा के राजनीतिक सलाहकार मनोहर लाल शर्मा ने कहा है कि बाजवा 2014 में लोकसभा के होने वाले चुनाव नहीं लड़ेंगे। वे सिर्फ पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे। मनोहर लाल शर्मा बुधवार को बाजवा के कादियां स्थित निवास स्थान पर पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाजवा गांव-गांव जाकर पार्टी के सभी नेताओं ने आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और हर स्तर के नेताओं से सहयोग मांगेंगे। वह देहाती स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
उधर, सांसद प्रताप सिंह बाजवा के पंजाब कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनने की खुशी में उनके मीडिया सलाहकार बरिंदर सिंह छोटेपुर के कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे। नेताओं ने कहा कि बाजवा की इस नियुक्ति से गुरदासपुर जिले के कार्यकर्ता एकजुट होंगे और पूरे पंजाब में कांग्रेस को एक प्लेटफार्म मिलेगा। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष राधा कृष्ण पुरी, सुशील मोदगिल, पार्षद कांता मोदगिल, ज्ञान सिंह, एडवोकेट राकेश शर्मा, तेजिंदर सिंह, नरिदर सिंह, सरपंच मनिंदर सिंह सोहल, सुरिंदर बग्गा, विक्रमजीत सिंह, सुरिंदर टाक, प्रीतम दास, तरसेम महाजन, विजय कुमार, जसविंदर सिंह बल्ल, जसबीर सिंह, राजिंदर पाल सिंह आदि उपस्थित थे।