पठानकोट। सदर पुलिस ने साढ़े 4 करोड़ की हेरोइन के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक महिला समेत चार आरोपी हिमाचल प्रदेश के निवासी बताए जाते हैं। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हेरोइन हिमाचल से तस्करी कर पठानकोट लाई जा रही थी।
एसएसपी डा. सुरिंद्र कुमार कालिया ने बताया कि थाना सदर प्रभारी ललित कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने अकालगढ़ शमशान घाट के पास नाका लगाया था। वहां पर एक आल्टो कार को रोककर तलाशी लेने पर उसमें से साढ़े आठ सौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत साढ़े चार करोड़ रुपये हौ। कार से चार लोगों काबू किया गया है। डा कालिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला की नूरपुर के मोहल्ला कोहाड़ निवासी राजेश कुमार पुत्र बेली राम, गांव जोंटा निवासी मुनीष कुमार पुत्र रमेश चंद महाजन, बटूरी गांव निवासी सुरजीत सिंह पुत्र घनिया राम, ऊना जिला की कोटला निवासी शीतल पत्नी मुलतान सिंह और पठानकोट के मोहल्ला भारत नगर निवासी हरजीत सिंह पुत्र रत्न सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों में से एक शीतल शाहपुरकंडी के ऊच्चा थड़ा में अस्थायी तौर पर रहती थी और उसका संपर्क एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हरजीत सिंह से हुआ। शीतल हिमाचल प्रदेश से हेरोइन अपने साथियों के साथ लेकर आई थी और उसे पठानकोट में सौंपा जाना था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे जिला में हेरोइन तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला का पति हिमाचल में टैक्सी चलाता है और पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि हेरोइन उसने लाकर तो नहीं दी है।
एक साल में पकड़ी ढाई किलो हेरोइन
पठानकोट। जिला पुलिस ने पिछले एक साल में पठानकोट में ढाई किलोग्राम हेरोइन पकड़ी है। एसएसपी डा. सुरिंद्र कुमार कालिया ने बताया कि पिछले एक साल के दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थों के 133 पर्चे दर्ज किए हैं और साढ़े 38 किलोग्राम नशीले पाउडर, 1 किलो 800 ग्राम चरस और 29 ग्राम स्मैक पकड़ी है।