पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जनरल सचिव फतेह जंग सिंह बाजवा ने सरकार को धान की खरीद के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर इस दौरान धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं की तो सड़कों पर रोष प्रदर्शन कर भूख हड़ताल की जाएगी। बुधवार को भी कस्बा श्री हरगोबिंदपुर की अनाज मंडियों में धान की सरकारी खरीद न होने के विरोध में कांग्रेस पार्टी और किसान संघर्ष समिति ने प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए फतेह सिंह बाजवा ने कहा कि किसान हितैषी कहलवाने वाली बादल सरकार ने अब तक धान की खरीद शुरू नहीं करवाई है। उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से धान की तयशुदा कीमत 1345 रुपये रखी गई है जबकि कई जगह प्राइवेट शैलर वाले या आढ़ती किसानों के धान को 900 से 1100 रुपये में खरीद कर किसानों को लूट रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की इस दुर्दशा के लिए बादल सरकार जिम्मेदार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार फसलों का सही मूल्य न देकर किसानी को भिखारी बनाने पर तुली हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि धान का उचित मूल्य देकर सरकारी खरीद शुरू करवाई जाए। अकाली विधायक देसराज धुग्गा पर तमाशबीन बने होने का आरोप लगाया। बाजवा ने कहा कि किसान ही नहीं कर्मचारी, व्यापारी और उद्योगपति भी बादल सरकार की नीतियों से नाखुश हैं।
उन्होंने कहा कि कोई ऐसी चीज नहीं जिस पर सरकार ने टैक्स न लगाया हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर मकान और प्लॉट मुफ्त में रेगुलर किए जाएंगे। उन्होंने दावे के साथ कहा कि बादल सरकार से दुखी हर वर्ग के लोग चुनाव के इंतजार में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बादल सरकार किसानों की जमीनें छीन रही है। किसानों का लूट के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके किसान नेता सविंदर सिंह ठठीखहरा, महेंदर सिंह चीमाखुडी, कांग्रेस नेता बलविंदर सिंह लाडी, साहब सिंह भर, भूपिंदर पाल सिंह, बलविंदर सिंह भिंदा, स्वामी पाल, सुखप्रीत सिंह, अवतार बोहजा, यकीन सिंह, कुलवंत सिंह, बख्शीस सिंह आदि ने भी धरने को संबोधित किया।