पाकिस्तान भारतीय सीमा में खदेड़ रहा सूअर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पाकिस्तान की तरफ से जंगली सूअरों को भारतीय सीमा में खदेड़े जाने पर किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। सोमवार रात हुसैनीवाला बॉर्डर पर फेंसिंग पार खेतों में जंगली सूअरों ने कई किसानों की आलू की फसल बर्बाद कर दी। खेतों में खड़ी फसल से कमाई की उम्मीद लगाए किसानों की लागत तक डूब गई। विडंबना यह है कि सीमा पर सुरक्षा कारणों से किसान रात में खेतों में रुककर रखवाली भी नहीं कर सकते। ऐसे में जंगली जानवरों से फसल बचाना उनके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
हबीब वाला निवासी किसान राम सिंह ने फेंसिंग पार ढाई एकड़ में आलू की बिजाई की थी। इस पर करीब 70 हजार रुपये खर्च किए थे। नवंबर के अंत में फसल निकालनी थी और करीब ढाई लाख रुपये के मुनाफे की उम्मीद थी। जंगली सूअरों ने पूरी फसल खराब कर दी। अब लागत और कमाई, दोनों पर पानी फिर गया है। गांव के सरपंच बगीचा सिंह ने फेंसिंग पार पांच एकड़ में आलू की फसल लगाई थी। कुछ दिनों बाद फसल निकालकर मंडी में बेचनी थी, लेकिन जंगली सूअरों ने खेत में फसल को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। किसान के मुताबिक, उसे पांच लाख रुपये से अधिक की चपत लगी है। किसान बलविंदर सिंह की भी फेंसिंग पार तीन एकड़ में लगी आलू की फसल नष्ट हुई है। संबंधित किसान के पास खेती के लिए यही जमीन है।