तरनतारन। क्षेत्र के गांव दीनपुर में बुधवार को कंबाइन-एक्टिवा की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को सिविल अस्पताल और दूसरे को गुरु नानक स्पेशलिटी चेरिटेबल अस्पताल में भरती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंबाइन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव चुताला निवासी मेहर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका बेटा हरमन सिंह अपने दोस्त गुरसाहिब सिंह और जसपाल सिंह के साथ एक्टिवा से महाराजा रणजीत सिंह पब्लिक स्कूल जा रहा था। गांव दीनपुर के निकट पीछे से तेज रफ्तार से आ रही कंबाइन चालक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी।
इस हादसे में उसका बेटा और दोनों युवक सड़क पर गिर गए। उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कंबाइन चालक संगरूर निवासी इंदरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।