चंडीगढ़ में सरकारी शौचालय के बाहर लोगों ने सोमवार सुबह एक अधेड़ को बच्चियों से अश्लील बातें और छेड़छाड़ करते हुए पकड़ लिया।
लोगों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पाकर वुमन एंड चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट के कर्मी भी पहुंच गए थे। क्षेत्र के लोगों और कुछ युवतियों ने अधेड़ के खिलाफ थाने में शिकायत दी है।
कॉलोनी नंबर-5 निवासी गुड्डा देवी के अनुसार आरोपी कॉलोनी की बच्चियों को स्कूल जाते हुए अश्लील इशारे करता था। इसके अलावा वह वहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ भी अश्लील हरकतें करता था।
क्षेत्र में आरोपी की हरकतों की बात फैल चुकी थी। इसलिए लोग काफी समय से उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह लोगों ने उसे बच्चियों की ओर अश्लील इशारे और छेड़छाड़ करते हुए पकड़ लिया।
आरोपी बोला, कोई गलत हरकत नहीं की
आरोपी किशोर का कहना है कि वह सेक्टर-22 में रहता है और मजदूरी करता है। उसने कोई गलत हरकत नहीं की।
सेक्टर-49 पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एसआई बलबीर सिंह का कहना है कि सूचना मिली थी कि कॉलोनी नंबर-5 में एक व्यक्ति नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करता है।
आरोपी को पुलिस चौकी में लाया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।