पंजाब सरकार ने प्रदेश के 30 लाख लोगों को निजी अस्पतालों में मुफ्त मेडिकल सुविधा देने की घोषणा की है। इन लोगों को एक नया कार्ड बनाकर दिया जाएगा, जोकि प्रदेश के किसी भी प्राइवेट अस्पताल में तीस हजार रुपये तक फ्री इलाज करवा सकते हैं।
ये घोषणा पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने की, जो वीरवार को सुखबीर बादल फिरोजपुर छावनी की दाना मंडी में आयोजित रैली में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आटा-दाल स्कीम का लाभ पहले प्रदेश में 15 लाख लोग रहे थे, लेकिन अब इसका लाभ 30 लाख लोग लेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल की ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं को साइकिलें वितरित की जाएंगी।
इसके अलावा सरकारी स्कूल की 11वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा में कोई भी विद्यार्थी 80 फीसदी अंक प्राप्त करेगा, उसे सरकार एक साल में 30 हजार रुपये की स्कालरशिप देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले के शहर का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। गांव में बनी पक्की सड़कें जो टूटी हैं उन पर 17 सौ करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है।
पत्रकारों ने जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी फौज की ओर से धोखे से जवानों पर हमला कर पांच जवानों की हत्या करने के सवाल पर सुखबीर ने कहा कि हमारे देश का प्रधानमंत्री बहुत कमजोर है।
ऐसे मुद्दे पर प्रधानमंत्री को मजबूत फैसला लेना चाहिए। इस मौके पर सुखबीर ने कांग्रेस के जो वर्कर अकाली दल में शामिल हुए उन्हें सिरोपे भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सिंचाई मंत्री जनमेजा सिंह सेखों, सांसद शेर सिंह घुबाया, जीरा के विधायक हरि सिंह जीरा, भाजपा के पूर्व विधायक सुखपाल सिंह नन्नू, वरदेव सिंह मान इत्यादि नेता उपस्थित थे।
उधर, फाजिल्का में उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने विजयी हुए सरपंच व पंचों को सिरोपे भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।