अमृतसर संसदीय सीट को लेकर प्रदेश भाजपा नेताओं के बीच किसी भी तरह का कोई मतभेद नहीं है और इस सीट के संभावित उम्मीदवारों के पैनल में वर्तमान सांसद नवजोत सिंह सिद्धू का नाम प्रमुखता से शामिल हैं। यह दावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा ने किया।
शर्मा सोमवार रात स्थानीय मंडल भाजपा अध्यक्ष महिंदर सिंह जोड़ा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने अपने कोटे वाली पंजाब की तीनों संसदीय सीटों अमृतसर, होशियारपुर और गुरदासपुर के उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर लिया है। मांगे जाने पर केंद्रीय चुनाव कमेटी के सामने पेश कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिद्धू हमारे मौजूदा सांसद है और भाजपा के माननीय राष्ट्रीय नेता है। ऐसे हालात में उनके नाम की अनदेखी नहीं की जा सकती।
इस दौरान कमल शर्मा ने कोटकपूरा मोहल्ला हरनामपुरा में पार्टी की एक नोट और कमल को वोट मुहिम के तहत नरेंद्र मोदी के लिए जनसमर्थन भी जुटाया। वहीं राज्य में कांग्रेस, पीपीपी और सीपीआई के संभावित गठबंधन और आम आदमी पार्टी के असर पर पूछे गए सवाल को कमल शर्मा ने टाल दिया। उन्होंने कहा कि इसका असर आने वाला समय ही तय करेगा।
उन्होंने दावा किया कि देश भर में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के पक्ष में लहर चल रही है और हर आम आदमी मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है। प्रदेश भर में जारी एक नोट और कमल को वोट मुहिम को लेकर वर्करों में खासा उत्साह है और वे खुद भी हर रोज दो घंटे इस मुहिम को सफल बनाने में प्रदान कर रहे हैं। इस दौरान शर्मा ने भाजपा वर्करों को साथ लेकर स्थानीय मोहल्ला हरनामपुरा के घरों में भी दस्तक दी और लोगों से मोदी के लिए जनसमर्थन मांगा।
इस मौके पर जिला प्रभारी डीपी चंदन, जिला भाजपा अध्यक्ष गायत्री प्रकाश शर्मा, जिला भाजयुमो अध्यक्ष मुकेश गर्ग, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुनीता गर्ग, जिला महासचिव हरबंस लाल शर्मा, श्याम लाल गोयल, प्रदीप शर्मा, सुरिंदर शर्मा, संदीप शर्मा टोनी, राम रतन जिंदल, सुभाष गोयल, अजय साहनी, परीक्षित साहनी, राजेश कांसल, अजीत प्रकाश शर्मा, दीपक नारंग, गौरव कक्कड़ और नितिन कुमार हाजिर हुए।