जीरकपुर। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एनके शर्मा ने कहा है कि जीरकपुर के लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं। यहां बुनियादी सुविधाएं खत्म हो रही हैं। इसके बावजूद मौजूदा सरकार और विधायक केवल झूठे प्रचार से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। एनके शर्मा ने बुधवार को पीरमुच्छला स्थित आवासीय कॉलोनियों बाला जी होम्स, स्टैला होम्स और पिंक सिटी समेत कई जगह का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। शर्मा ने कहा कि बरसात के मौसम में शहर के लोग नगर परिषद के अधिकारियों और हलका विधायक को तलाश रहे हैं। वे सब गायब हैं। शहर का कोई हिस्सा ऐसा नहीं है, जहां जलभराव की समस्या न हो रही है। एनके शर्मा ने कहा कि लोगों ने उनको बताया है कि यहां जगह-जगह सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। नगर परिषद में लोगों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरह मौजूदा विधायक भी विकास के नाम पर केवल झूठे दावे करके यहां के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। पहले कांग्रेस तथा अब आम आदमी पार्टी की सरकार के समय में जीरकपुर में जनसंख्या के अनुसार बुनियादी ढांचे का विकास नहीं हुआ है। इस अवसर पर महिला अकाली दल ईस्ट जोन की प्रधान अनिता कटारिया, पार्षद जगदेव सिंह और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।