जीरकपुर। आगामी 14 फरवरी को होने वाले निकाय चुनाव के लिए अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवारों ने प्रचार तेज कर दिया। इसके चलते सभी उम्मीदवार अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए हर गली में घर-घर जाकर अपने हक में वोट मांग रहे हैं। इसके साथ ही लोगों की सभी दिक्कतों को दूर करने के लिए उनसे बड़े-बड़े वादे भी किए जा रहे हैं। वहीं, जैसे-जैसे मतदान का दिन करीब आ रहा है नेताओं ने सरगर्मियां तेज कर दी हैं। अपने हक में लोगों से वोट मांगने के लिए घर पर बैठने के बजाय नेता डोर-टू-डोर प्रचार करने में लगे हैं।
निकाय चुनाव के लिए शिअद, कांग्रेस, भाजपा और ‘आप’ की ओर से अपने-अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र के अंदर लोगों को रिझाने के लिए प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। वहीं, दूसरी ओर, वोटर भी नेताओं की ओर से किए जाने वाले वादों को बड़े ध्यानपूर्वक सुन रहे हैं और अपनी कीमती वोट 14 फरवरी तक बचाकर रखे हुए हैं।
जीरकपुर में 21 साल से कर रहे विकास कार्य : एनके शर्मा
शिअद की ओर से निकाय चुनाव में जीत हासिल कररने के लिए सभी 31 वार्डों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसके साथ ही हर चुनाव सभा के दौरान मतदाताओं को विधायक एनके शर्मा पिछले 21 वर्षों के दौरान शहर में हुए विकास कार्यों की कारगुजारी दिखा रहे हैं। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी पर प्रहार करना वह नहीं छोड़ते।
शहर का नहीं, बल्कि अपना विकास किया : ढिल्लों
वहीं, दूसरी ओर शहर में होने वाले निकाय चुनाव में मुख्य मुकाबला शिअद और कांग्रेस के बीच देखा जा रहा है। अपनी जीत के लिए कांग्रेसी उम्मीदवार भी जोश में हैं। क्योंकि पहली स्थानीय नगर परिषद में पहली बार सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने में पार्टी कामयाब रही है। वहीं, कांग्रेसी हलका इंचार्ज दीपेंद्र ढिल्लों ने कहा कि पिछले 21 साल के दौरान एनके शर्मा एंड कंपनी ने शासन किया है। लेकिन शहर के बजाय उन्होंने अपना ही विकास किया है। विकास का अंदाजा शहर में अभी तक कोई अच्छा कॉलेज और अस्पताल न होने से लगाया जा सकता है।
‘आप’ ने तीनों दलों से बचने की नसीहत दी : कुलजीत ांधावा
निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी पहली बार निकाय चुनाव में अपने पार्टी चुनाव चिन्ह पर लड़ रही है। नेताओं की लोगों से यही अपील है कि कांग्रेस, शिअद और भाजपा ये तीनों पार्टियां एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलजीत रंधावा ने कहा कि अभी तक इन तीनों पार्टियों ने ही सत्ता पर बारी-बारी शासन किया है। लेकिन बुनियादी सुविधाओं को लेकर आज भी लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
भाजपा नेता पीएम मोदी के नाम पर मांग रहे वोट : मुकेश गांधी
केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पारित किए गए कृषि के तीन नए कानूनों के बाद पैदा हुई स्थिति में पंजाब में भाजपा पहली बार निकाय चुनाव अपने बलबूते लड़ रही है, जो अभी तक शिअद की सहयोगी बनकर चुनाव में हिस्सा लेती रही है। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकेश गांधी ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली हुई है, जो एक ही दिन में दर्जनों चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं और पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांग रहे हैं। मुकेश गांधी का कहना है कि केंद्र के अंदर मोदी सरकार ने पिछले 6 वर्षों के दौरान जनहित के काम किए, उनके कामों को देखकर ही लोग वोट दें।
जीरकपुर में शिअद ने जारी किया चुनाव घोषणा पत्र
जीरकपुर। हलका विधायक एनके शर्मा की तरफ से शहर के अलग-अलग वार्डों में अपनी टीम के उम्मीदवारों के हक में प्रचार किया गया। शहर के वार्ड-30 से उम्मीदवार गुरमुख सिंह के हक में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भविष्य में करवाए जाने वाले कार्यों का चुनाव घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि जारी किए घोषणा पत्र के जरिए वह वादा करते हैं कि लोगों के साथ किया गया एक-एक वादा पूरा किया जाएगा और हर काम लोगों की राय के मुताबिक किया जाएगा।
जीरकपुर में समर्थकों के साथ प्रचार करते शिअद के विधायक एनके शर्मा।- फोटो : MOHALI