मोहाली। शहर में जीरो वेस्ट बर्निंग सुनिश्चित करने और पर्यावरण–अनुकूल ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय मोहाली और नगर निगम मोहाली ने संयुक्त रूप से एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया। यह प्रशिक्षण नगर निगम दफ्तर में हुआ। सत्र के दौरान बोर्ड के कार्यकारी अभियंता नवतेश सिंगला और रिसोर्स पर्सन स्वाति ने प्रतिभागियों को ठोस कचरा एवं उद्यान संबंधी कचरे को जलाने से उत्पन्न होने वाले गंभीर पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी खतरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कचरा जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है। इससे दमा, एलर्जी और फेफड़ों से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने सफाई सेवकों को वैज्ञानिक और पर्यावरण–हितैषी कचरा निपटान तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। करीब 150 सफाई सेवकों, रैग पिकर्स, अधिकारियों और नगर निगम कर्मचारियों ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। सत्र में कचरा जलाने के दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियमों के तहत लागू दंडात्मक प्रावधानों जैसे जुर्माना, कार्रवाई और कानूनी दायित्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।