जीरकपुर। यू-ट्यूबर अरमान मलिक की पत्नी पायल मलिक ने अश्लील कपड़े पहनकर मां भद्रकाली के रूप में वीडियो अपलोड किया है। इसके विरोध में संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। वीडियो पर लोग अशोभनीय कमेंट कर रहे हैं। इसके विरोध में मोहाली के थाना ढकोली में एक शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। सोमवार को भी श्री हिंदू तख्त के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनीर शर्मा और श्री हिंदू तख्त के धर्माधीश जगत गुरु स्वामी विकास दास महाराज के निर्देश पर पायल मलिक पर मामला दर्ज करवाने के लिए जीरकपुर थाना प्रभारी को मांग पत्र सौंपा।
इस मौके पर तिवारी ने कहा कि आराध्य देवी मां भद्रकाली के रूप में अश्लील कपड़े पहन कर सोशल मीडिया में वीडियो अपलोड करना बहुत ही निंदनीय है। श्री हिंदू तख्त के धर्माधीश जगत गुरु स्वामी विकास दास महाराज ने कहा कि संत समाज में भारी आक्रोश है। अगर पंजाब पुलिस पायल मलिक, वीडियो, एडिटिंग और अपलोड करने वालों पर एफआईआर दर्ज नहीं करेगी तो संत समाज को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हिंदू तख्त के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनीर शर्मा ने कहा कि प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। अगर प्रशासन किसी भी तरह का कोई भी ढीला रवैया अपनाते हैं तो हिंदू तख्त जीरकपुर में सभी धार्मिक सामाजिक संगठनों को साथ लेकर एक बड़ा आंदोलन करेगा। हिंदू तख्त चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला मोहाली के प्रभारी मनीष दुबे ने कहा कि किसी भी कीमत में देवी-देवताओं का अपमान नहीं सहेंगे।
सावन में देवी-देवताओं का अपमान किया गया है। अगर प्रशासन ढीला रवैया अपनाएगा तो सब मिलकर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। इस मौके पर हिंदू तख्त जिला मोहाली के मुख्य प्रचारक अमित मिश्रा, साहिल बेदी, दक्ष टंडन, अंकित राणा, विकास राय, राकेश दुबे, पंचम चौहान, नरेंद्र राय के अलावा काफी संख्या में धार्मिक सामाजिक संगठन के व्यक्ति उपस्थित थे।
यह हैं अरमान मलिक
अरमान मलिक एक भारतीय यू-ट्यूबर हैं, जो अपने व्लॉग्स के लिए जाने जाते हैं। वे अपनी दो पत्नियों पायल मलिक और कृतिका मलिक और अपने बच्चों के साथ अपने दैनिक जीवन को अपने व्लॉग्स में दर्शाते हैं। अरमान मलिक ने अपनी दोनों पत्नियों पायल और कृतिका के साथ बिग बॉस ओटीटी-3 में प्रवेश किया था। शो में उनके साथ आने से पहले उन्होंने अपने यू-ट्यूबर चैनल ''''Malik Vlogs'''' के माध्यम से लोकप्रियता हासिल की थी। यहां वे अपने दैनिक जीवन को अपनी दोनों पत्नियों के साथ साझा करते थे। बिग बॉस ओटीटी-3 में अरमान और उनकी पत्नियों को उनकी पारिवारिक स्थिति और बहुविवाह के मुद्दे पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा।