यूट्यूबर अरमान मलिक और पायल मलिक।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के यूट्यूबर अरमान मलिक की पत्नी पायल मलिक को हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने पर धार्मिक सजा सुनाई गई है। पायल मलिक ने अश्लील कपड़े पहनकर मां भद्रकाली के रूप में वीडियो अपलोड किया था। इसके लिए पायल मलिक को मोहाली के काली माता मंदिर में धार्मिक सजा सुनाई गई। धार्मिक सजा के तहत वह सात दिन तक मंदिर में साफ-सफाई करेंगी। 8वें दिन कंजक पूजन करेंगी।
बता दें कि पायल मलिक ने हाल ही में मां काली के वेश में एक वीडियो बनाई थी, जिसमें उसने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया था। पायल मलिक ने कहा कि मैं खुद भी शर्मिंदा हूं। मैं अपनी उस वीडियो के लिए हाथ जोड़कर सभी लोगों से माफी मांगती हूं।
पायल मलिक ने कहा कि मेरी बेटी काली मां की बहुत बड़ी भक्त है। दिनभर वह काली मां-काली मां करती रहती है। इसलिए मैंने सोचा कि मैं अपनी बच्ची के लिए वह (काली माता) का लुक बनाऊं। इसलिए मैंने वह वीडियो बनाई थी। मैं मानती हूं कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई है। ऐसे में मुझे जो भी सजा दी गई है मैं उसके लिए तैयार हूं और अन्य लोगों से भी अपील करती हूं कि जिस तरह कि गलती मैंने की है दूसरा कोई न करें। ऐसे में मैं सभी संगठनों से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं।
अरमान मलिक एक भारतीय यू-ट्यूबर हैं, जो अपने व्लॉग्स के लिए जाने जाते हैं। वे अपनी दो पत्नियों पायल मलिक और कृतिका मलिक और अपने बच्चों के साथ अपने दैनिक जीवन को अपने व्लॉग्स में दर्शाते हैं। अरमान मलिक ने अपनी दोनों पत्नियों पायल और कृतिका के साथ बिग बॉस ओटीटी-3 में प्रवेश किया था। शो में उनके साथ आने से पहले उन्होंने अपने यू-ट्यूबर चैनल ''''Malik Vlogs'''' के माध्यम से लोकप्रियता हासिल की थी। यहां वे अपने दैनिक जीवन को अपनी दोनों पत्नियों के साथ साझा करते थे। बिग बॉस ओटीटी-3 में अरमान और उनकी पत्नियों को उनकी पारिवारिक स्थिति और बहुविवाह के मुद्दे पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा।