मोहाली। टीडीआई सिटी स्थित एक निजी बैंक के एटीएम में एयर कंडीशनर की मरम्मत करते समय एक युवक को करंट लग गया। हादसे में 21 वर्षीय हरमनजोत सिंह की मौत हो गई। हरमनजोत सिंह गांव खिजराबाद का निवासी था और पेशे से एसी मैकेनिक था। सोमवार को उसे एटीएम के एसी की खराबी ठीक करने के लिए बुलाया गया था। मरम्मत के दौरान वह अचानक तेज करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे तुरंत फेज-6 सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटनास्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।