खरड़। चंडीगढ़ में अपने दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाकर घर लौट रहे एक युवक की देर रात लगभग 12 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। प्राप्त पुलिस जानकारी के अनुसार मनप्रीत सिंह पुत्र राजिंदर सिंह निवासी गांव ध्यानपुरा नजदीक मोरिंडा जिला रोपड़ कार में अपने कुछ दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाकर अपने घर ध्यानपुरा लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार जब वह 200 फुट एयरपोर्ट रोड पर अपनी कार खड़ी करके कार से बाहर निकलने लगा तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मनप्रीत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला कार चालक अपनी कार के सारे कागजात निकालने के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को वहीं छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मनप्रीत सिंह को राहगीरों ने तुरंत सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंचाया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और दो साल पहले ही उसका विवाह हुआ था। वह अपने पीछे पत्नी तथा एक साल की एक बेटी को छोड़ गया है। बलौंगी के एसएचओ इंस्पेक्टर मनफूल सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।