खरड़। खरड़ के शिवालिक सिटी स्थित एक फ्लैट में पिस्तौल देखते समय गलती से गोली चलने से लुधियाना के 28 वर्षीय गुरप्रीत की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के दोस्त हरपाल सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 24 अगस्त को शाम करीब चार बजे हुई।
मृतक के भाई पंकज कुमार ने पुलिस को बताया कि गुरप्रीत लुधियाना में उनके साथ एक दोपहिया वाहन एजेंसी में काम करता था। 24 अगस्त को गुरप्रीत अपने दोस्तों हरपाल सिंह उर्फ गोपी, हर्षवीर विर्दी और गुरजिंदर सिंह भामरा के साथ खरड़ घूमने आया था। वे सभी गुरप्रीत की दोस्त रुबेना के फ्लैट पर गए थे। शाम करीब चार बजे गुरप्रीत ने अपनी लाइसेंसी .45 बोर पिस्तौल और हरपाल सिंह ने अपनी लाइसेंसी .32 बोर रिवाल्वर खाली की। हालांकि, गुरप्रीत की पिस्तौल में एक गोली बची रह गई थी। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, हरपाल सिंह ने पिस्तौल देखने के लिए उठाई। इसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया। गोली गुरप्रीत के दिल के निचले हिस्से में लगी। साथी उसे मोहाली के सिविल अस्पताल फेज-6 ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिटी खरड़ पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह पुलिस दल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक के भाई पंकज कुमार का बयान दर्ज किया। बयान और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर हरपाल सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।