मोहाली। पुलिस ने 21 वर्षीय युवती का अपहरण कर जबरन शादी कराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के कुछ घंटों के भीतर मुख्य आरोपी और उसके साथी को दबोच लिया। युवती को मोहाली कोर्ट से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि 24 जून की सुबह युवती अपने पीजी से काम पर जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार उसके पास आकर रुकी।
आरोप है कि कार से उतरे एक युवक ने युवती को बालों से पकड़ा। उसे जबरन कार में बैठा लिया। वह अपने साथी के साथ मौके से भाग गया। युवती के शोर मचाने के बावजूद आरोपी उसे अपने साथ ले जाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर एक आरोपी की पहचान भव्य कुमार के रूप में हुई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि भव्य कुमार पहले भी युवती को परेशान करता रहा था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी युवती को मोहाली कोर्ट लेकर गए हैं। वहां वे जबरन शादी करवा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत कोर्ट पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई कर युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया और मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
आरोपियों की पहचान और पुलिस रिमांड
पुलिस के अनुसार, युवती ने बयान में आरोप लगाया है कि उसे डरा-धमकाकर जबरन शादी करवाई गई। मामले में दूसरे आरोपी की पहचान विशाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव झामपुर के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में तीन को गिरफ्तार कर लिया है। एक जुवेनाइल था जिसे बाल सुधार गृह भेज दिया है। दो लोग एक दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। चौथे की तलाश जारी है। - अमरिंदर सिंह, एसएचओ थाना सिटी खरड़