जीरकपुर। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। छत लाइट पॉइंट के पास स्थित पीर बाबा दरगाह पर माथा टेकने गए एक युवक की बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंडीगढ़ के पुष्पक कॉम्प्लेक्स निवासी रामनिक लंबधारिया ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 6 अक्तूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे वह चितकारा यूनिवर्सिटी में परीक्षा देने गए थे। इसके बाद वह अपने चचेरे भाई प्रतीक लंबधारिया के साथ पीर बाबा दरगाह पहुंचे। रामनिक ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल दरगाह के पास खड़ी की थी। करीब 20 मिनट बाद जब वह माथा टेककर वापस लौटे तो मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल का पता लगाने में जुटी है। आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाएं चिंता का कारण बनी हुई हैं। पुलिस इन मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।