जिला स्तरीय एथलेटिक मीट के दौरान शराब पीकर टीचरों से दुर्व्यवहार करने वाले एईओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा विभाग पूरी तरह सख्त हो गया। जिला शिक्षा विभाग ने घटना की पूरी रिपोर्ट बनाकर डीपीआई स्कूल को भेज दी है। दूसरी तरफ शुक्रवार को टूर्नामेंट के अन्य मुकाबले खेल गए।
जिला शिक्षा विभाग के डिप्टी डीईओ ललित किशोर घई ने बताया कि उन्होंने खुद मौके का दौरा भी किया था। साथ ही टीचरों की तरफ से उन्हें शिकायत भी मिली है। जिसके बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट बनाकर डीपीआई को भेज दी। लेकिन लगातार तीन दिन छुट्टियां हैं।
ऐसे में सोमवार को ही साफ हो जाएगा कि एईओ के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी। दूसरी तरफ फिजिकल टीचर यूनियन के प्रधान गुरप्रीत सिंह ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि इस मामले के आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। क्योंकि एईओ ने टीचरों से तो दुर्व्यवहार किया ही है साथ ही शिक्षा विभाग के नियमों की धज्जियां उड़ाई हैं। वहीं, अगर उक्त अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
तो कोई अन्य टीचर या अधिकारी इस प्रकार की हरकत नहीं कर पाएगा। गौरतलब है कि वीरवार फेज-6 स्थित सरकारी कॉलेज में शुरू हुई जिला स्तरीय एथलेटिक मीट में एईओ रमनजीत सिंह शराब पीकर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने महिला टीचर समेत कई टीचरों से गाली गलौज व दुर्व्यवहार किया था। जिसके बाद टीचरों ने टूर्नामेंट रोककर एईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।