मोहाली। सोहाना थाने के अधीन आते गांव शामपुर में शराब ठेके पर बियर की बोतलों की पैकिंग को लेकर नशे में टल्ली दो लोगों ने ठेके पर काम करने वाले कारिंदे पर चाकुओं से हमला कर दिया। इससे कारिंदा गंभीर रूप में जख्मी हो गया और उसे जीएमसीएच, सेक्टर-32 चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। जबकि आरोपी हमलावर भागने में कामयाब रहे। सोहाना थाने की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर हत्या के प्रयास और जान से मारने की धमकियां देने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में पुलिस को दी शिकायत में शराब ठेके के कारिंदे रविंदर कुमार ने बताया कि वह गांव शामपुर में स्थित शराब ठेके पर काम करता है। 5 फरवरी की रात को दो आदमी शराब के नशे में ठेके पर आए और उन्होंने तीन बियर की बोतलें खरीदी। इसके बाद आरोपियों ने पैसे भी दे दिए। इसके बाद उन्होंने एक अन्य कारिंदे शिवा को बोतलें पैक करने के लिए कहा। इस पर शिवा ने बियर की बोतलों को एक कागज में लपेट दिया। जैसे ही शिवा उन्हें बोतले देने लगा तो आरोपी बाहर की ओर चले गए और कहा कि वह बियर की बोतलें उनके पास आकर पकड़ा जाए। जब शिवा उन्हें बोतले देने गया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान उनमें से एक ने अपनी जेब से चाकू निकालकर शिवा पर हमला कर दिया। इससे शिवा गंभीर रूप से जख्मी हो गया और आरोपी वहां पर से फरार हो गए। इसके बाद लोग जमा हो गए और उन्होंने शिवा को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां पर उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रैफर कर दिया। वहां पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले में आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई कर रही है।