जीरकपुर। वीआईपी रोड पर काम करने पहुंचे मजदूरों को सोमवार को नंगा कर पीटने का मामला सामने आया है। यह घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। गांव भुड्डा साहिब के रहने वाले पांच मजदूर रोजाना की तरह काम करने के लिए वीआईपी रोड पर पहुंचे थे। तभी वीआईपी ब्लॉक-बी निवासी करीब दस युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना किसी कारण सभी मजदूरों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मजदूरों को नंगा करके बुरी तरह पीटा और उनके साथ बर्बर व्यवहार किया। इस दौरान उन्हें गालियां दी और जान से मारने की धमकियां भी दी। हमले के बाद मजदूरों में दहशत फैल गई। उन्होंने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का प्राथमिक उपचार करवाया और उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सभी के खिलाफ मारपीट, धमकी और अभद्रता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।